Dinesh Karthik RCB
दिल्ली: चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) आईपीएल 2027 में नए कोचिंग युग की शुरुआत करने जा रही है। टीम के लंबे समय तक मुख्य कोच रहे स्टीफन फ्लेमिंग अब फ्रेंचाइजी का हिस्सा नहीं हैं। उनके जाने के बाद CSK को नए हेड कोच की तलाश है। इसी बीच ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज और CSK के दिग्गज मैथ्यू हेडन ने टीम के लिए एक खास नाम सुझाया है।
हेडन का मानना है कि पूर्व भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज दिनेश कार्तिक CSK के नए हेड कोच के लिए सही विकल्प हो सकते हैं। उनके मुताबिक चेन्नई जैसी बड़ी फ्रेंचाइजी के कोच में स्थानीय अनुभव और टीम से जुड़ाव होना काफी अहम है।
फ्लेमिंग के जाने के बाद CSK में बड़ा बदलाव
स्टीफन फ्लेमिंग का CSK के साथ सफर आईपीएल के पहले सीजन से ही जुड़ा रहा। उनकी कोचिंग में चेन्नई की टीम ने पांच आईपीएल खिताब और दो चैंपियंस लीग टी20 ट्रॉफी जीतीं।
फ्लेमिंग ने इस साल CSK से अलग होने के बाद इंग्लैंड की पुरुष टेस्ट टीम के मुख्य कोच की जिम्मेदारी संभाल ली है। ऐसे में आईपीएल 2027 से पहले चेन्नई के सामने उनके उत्तराधिकारी को चुनने की बड़ी चुनौती है।
रिपोर्ट्स में पूर्व कप्तान एमएस धोनी समेत कई नामों की चर्चा हो रही है। हालांकि, मैथ्यू हेडन ने दिनेश कार्तिक को अपनी पसंद बताया है।
ये भी पढ़ें: भारत के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए अफगानिस्तान टीम घोषित, स्टार खिलाड़ी की हुई वापसी
दिनेश कार्तिक क्यों हैं सही विकल्प?
स्पोर्टस्टार से बातचीत में मैथ्यू हेडन ने कहा कि दिनेश कार्तिक इस भूमिका के लिए तैयार नजर आते हैं। उन्होंने खास तौर पर स्थानीय अनुभव को अहम बताया।
“जिन नामों की चर्चा हुई है, उनमें से एक दिनेश कार्तिक का नाम है। मुझे लगता है कि वह इस तरह की जिम्मेदारी संभालने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। मेरे हिसाब से स्थानीय कोच होना बहुत महत्वपूर्ण है।”
हेडन ने आगे कहा:
“मैं जानता हूं कि कई फ्रेंचाइजी विदेशी कोचों को प्राथमिकता देती हैं, लेकिन मुझे लगता है कि CSK जैसी बड़ी फ्रेंचाइजी के हेड कोच में स्थानीय जुड़ाव होना चाहिए। चेन्नई से जुड़ा अनुभव भी जरूरी है। इसी वजह से मुझे लगा कि दिनेश इस भूमिका के लिए परफेक्ट होंगे।”
IPL 2026 में CSK का प्रदर्शन रहा निराशाजनक
आईपीएल 2026 का सीजन चेन्नई सुपर किंग्स के लिए उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। रुतुराज गायकवाड़ की कप्तानी वाली टीम ने अंक तालिका में आठवें स्थान पर अपना अभियान खत्म किया।
CSK ने टूर्नामेंट की शुरुआत लगातार तीन हार के साथ की थी। हालांकि, टीम ने बीच सीजन में शानदार वापसी करते हुए अगले आठ मुकाबलों में से छह मैच जीतकर प्लेऑफ की उम्मीदें कायम रखीं।
लेकिन सीजन के अंतिम दौर में टीम को लगातार तीन मैचों में हार का सामना करना पड़ा। गुजरात टाइटंस के खिलाफ 89 रन की बड़ी हार के बाद CSK की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें पूरी तरह खत्म हो गईं।
1 thought on “IPL 2027 में CSK का नया कोच कौन? धोनी नहीं, मैथ्यू हेडन ने RCB के सदस्य को बताया ‘परफेक्ट चॉइस’”