Dhruv Jurel Century
दिल्ली: भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ध्रुव जुरैल ने सोमवार को कोलंबो में श्रीलंका के खिलाफ खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन शानदार शतक जड़कर अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। जुरैल 177 गेंदों पर 9 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 115 रन बनाकर नाबाद रहे।
जुरैल की बेहतरीन पारी के बाद भारत ने 138 ओवर में 503/9 के स्कोर पर अपनी पहली पारी घोषित कर दी। टेस्ट करियर का दूसरा शतक पूरा करने के बाद जुरैल ने अपनी बांह पर बने ‘जय जवान, जय किसान’ टैटू को दिखाकर खास अंदाज में जश्न मनाया। उनका यह सेलिब्रेशन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
ये भी पढ़ें: IPL 2027 में CSK का नया कोच कौन? धोनी नहीं, मैथ्यू हेडन ने RCB के सदस्य को बताया ‘परफेक्ट चॉइस’
दादा किसान, पिता जवान
दिन का खेल खत्म होने के बाद जुरैल ने अपने सेलिब्रेशन के पीछे की वजह बताई। उन्होंने कहा कि उनके दादा किसान थे, जबकि उनके पिता सेना में रहे हैं। जुरैल ने बताया कि वह अपनी जड़ों और परिवार की पृष्ठभूमि को हमेशा याद रखना चाहते हैं और शतक के बाद का जश्न उन्हीं को समर्पित था।
पंत के साथ अहम साझेदारी
जुरैल ने ऋषभ पंत के साथ मिलकर भारत की पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने सातवें विकेट के लिए 112 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। बारिश के कारण पारी में कई बार व्यवधान आया, लेकिन जुरैल ने धैर्य बनाए रखा।
उन्होंने कहा कि बारिश के कारण खेल रुकने और दोबारा शुरू होने की स्थिति से वह परिचित हैं। उनका पूरा ध्यान साझेदारी को आगे बढ़ाने पर था। जुरैल ने यह भी कहा कि भारत के लिए शतक बनाने की खुशी अपनी जगह है, लेकिन अगले दिन उन्हें फिर से शून्य से शुरुआत करनी होगी।
श्रीलंका की शुरुआत खराब
भारत के 503/9 पर पारी घोषित करने के बाद श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही। दिन का खेल समाप्त होने तक मेजबान टीम ने 3 ओवर में 2 विकेट खोकर सिर्फ 8 रन बनाए। प्रसिद्ध कृष्णा ने ओपनर लाहिरू उदारा को 1 रन पर आउट किया, जबकि मानव सुथार ने प्रभात जयसूर्या को 2 रन के स्कोर पर पवेलियन भेजा।
2 thoughts on “ध्रुव जुरैल ने क्यों दिखाया ‘जय जवान, जय किसान’ टैटू? जानिए शतक के खास सेलिब्रेशन की पूरी कहानी”