Suryakumar Yadav
दिल्ली: भारतीय टी20 टीम के पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव भले ही इंटरनेशनल क्रिकेट या आईपीएल में महेंद्र सिंह धोनी के साथ एक टीम से नहीं खेले, लेकिन इस साल आईपीएल के दौरान उन्हें रोहित शर्मा और एमएस धोनी के साथ एक यादगार तस्वीर क्लिक कराने का मौका मिला। चेपॉक स्टेडियम में ली गई इस तस्वीर ने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरी थीं।
अब सूर्यकुमार यादव ने पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा को दिए एक इंटरव्यू के प्रोमो में इस तस्वीर के पीछे की पूरी कहानी बताई है। उन्होंने बताया कि इस फोटो को क्लिक कराने के लिए उन्हें पहले रोहित शर्मा और फिर एमएस धोनी से बात करनी पड़ी थी।
रोहित से मांगी फोटो की इजाजत
सूर्यकुमार यादव ने बताया कि चेन्नई में प्रैक्टिस के दौरान उनके मन में रोहित शर्मा और एमएस धोनी के साथ फोटो लेने का विचार आया। उन्होंने सबसे पहले रोहित शर्मा से इस बारे में बात की।
सूर्या ने बताया कि उन्होंने रोहित से फोटो के लिए रिक्वेस्ट की, जिस पर हिटमैन ने अपने मजाकिया अंदाज में जवाब दिया, ‘क्या रे…’
ये भी पढ़ें: सड़कों पर उतरे ‘Gen-Z’ क्रिकेटर्स, 250 खिलाड़ियों ने किया आंदोलन, जानें क्या है मांग ?
आइस बाथ लेने जा रहे थे धोनी
सूर्यकुमार यादव ने बताया कि वह ड्रेसिंग रूम में पहुंचे तो एमएस धोनी प्रैक्टिस के बाद आइस बाथ लेने की तैयारी कर रहे थे। धोनी एक कोने में बैठे थे और सूर्या उनके पास जाकर अपनी बात रखने को लेकर काफी नर्वस थे।
उन्होंने हिम्मत जुटाकर धोनी से कहा, ‘माही भाई एक मिनट, एक रिक्वेस्ट है। आपके और रोहित भाई के साथ एक फोटो लेनी है, आप राइट में, रोहित भाई लेफ्ट में और मैं बीच में।’
सूर्या की यह बात सुनकर एमएस धोनी ने अपने चिर-परिचित मजाकिया अंदाज में जवाब दिया, ‘फोटो तुम लेगा तो तुम इंस्टाग्राम पर भी डालेगा। हम बाल बनाकर आते हैं।’ धोनी के इस जवाब के बाद माहौल हल्का हो गया और फिर चेपॉक स्टेडियम में तीनों दिग्गजों की वह यादगार तस्वीर क्लिक की गई।
तीन टी20 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान एक फ्रेम में
इस तस्वीर की खास बात यह थी कि इसमें भारतीय क्रिकेट के तीन ऐसे कप्तान नजर आए, जिन्होंने अलग-अलग दौर में भारत को टी20 वर्ल्ड कप जिताया है। एमएस धोनी ने 2007, रोहित शर्मा ने 2024 और सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने 2026 में टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीता।
सूर्या ने दिया था खास कैप्शन
सूर्यकुमार यादव ने इस फोटो को अपने इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए लिखा था, ‘ग्रुप डीपी मिल गया। बस ग्रुप का नाम सजेस्ट करो।’
1 thought on “सूर्यकुमार यादव ने बताया रोहित-धोनी के साथ वायरल फोटो का दिलचस्प किस्सा, बोले- ‘माही भाई एक मिनट…’”