PAK vs ENG Test
दिल्ली: इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच में पाकिस्तान को करारी हार का सामना करना पड़ा। लीड्स के हेडिंग्ले मैदान पर मिली इस हार के बाद इंग्लैंड के कुछ मीडिया आउटलेट्स ने पाकिस्तान की मौजूदा टीम को पिछले 50 साल की सबसे खराब टीम तक करार दिया। इस आलोचना के बीच पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सलमान बट ने अपनी टीम का बचाव किया है और इंग्लिश मीडिया के रवैये पर सवाल उठाए हैं।
सलमान बट का जवाब
पवेलियन पोस्ट की ओर से शेयर किए गए एक वीडियो में सलमान बट ने कहा, “हमने कभी नहीं कहा कि हम वर्ल्ड चैंपियन हैं। हमने कभी बड़ी टीम होने का दावा नहीं किया, न ही हमने खुद पर घमंड किया, लेकिन सवाल यह है कि आप अपने बारे में क्या सोचते हैं? आप किस तरह की बातें करते हैं? टीमों में अलग-अलग दौर आते हैं। जब टीमें अच्छा नहीं खेलतीं।”
उन्होंने कहा कि हर टीम के क्रिकेट इतिहास में अच्छा और खराब दौर आता है। इसलिए किसी एक खराब प्रदर्शन के आधार पर टीम को लेकर बहुत बड़ी टिप्पणी करना उचित नहीं है।
ये भी पढ़ें: सूर्यकुमार यादव ने बताया रोहित-धोनी के साथ वायरल फोटो का दिलचस्प किस्सा
‘हमारी टीम कैसी भी हो, वह हमारी अपनी है’
सलमान बट ने पाकिस्तान की मौजूदा टीम का बचाव करते हुए उसके क्रिकेट सिस्टम का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि टीम में चाहे कितनी भी कमियां हों, खिलाड़ी पाकिस्तान के अपने सिस्टम से निकलकर आए हैं।
बट ने आगे कहा, “कम से कम हमारी टीम कैसी भी हो, भले ही वह अब तक की सबसे खराब हो, वह हमारी अपनी है।”
इंग्लैंड की टीम पर भी साधा निशाना
सलमान बट ने अपनी बात रखते हुए इंग्लैंड की टीम की संरचना पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा, “यह कॉमनवेल्थ से नहीं है, जिसमें कप्तान आयरलैंड से, विकेटकीपर साउथ अफ्रीका से… एक आदमी स्कॉटलैंड से, एक आदमी ऑस्ट्रेलियन और एक आदमी वेस्टइंडीज से हो। यह छह देश एक टीम के तौर पर नहीं खेल रहे हैं।”
हेडिंग्ले में पाकिस्तान को मिली बड़ी हार
इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच तीन टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में पाकिस्तान को पारी और 103 रन से हार मिली। पाकिस्तान ने पहली पारी में 171 रन बनाए थे, जबकि इंग्लैंड ने जवाब में 409 रन बनाकर मजबूत बढ़त हासिल की।
दूसरी पारी में पाकिस्तान की बल्लेबाजी एक बार फिर लड़खड़ा गई और पूरी टीम सिर्फ 135 रन पर सिमट गई। इस तरह इंग्लैंड ने पारी के अंतर से मुकाबला अपने नाम कर लिया।