Team India T20I
भारत और जापान के बीच राजनयिक संबंधों के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर क्रिकेट के मैदान पर भी एक खास अध्याय जुड़ने जा रहा है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और जापान क्रिकेट एसोसिएशन (JCA) ने एक ऐतिहासिक पुरुष T20 इंटरनेशनल मुकाबले की आधिकारिक घोषणा की है।
22 सितंबर को भिड़ेंगे भारत और जापान
इस मुकाबले को ‘सुजुकी कप’ नाम दिया गया है। भारत और जापान के बीच यह खास T20I मैच मंगलवार, 22 सितंबर 2026 को जापान के तोचिगी प्रीफेक्चर स्थित सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा।
भारत बनाम जापान T20I मैच डिटेल्स
| विवरण | जानकारी |
|---|---|
| मैच की तारीख | 22 सितंबर 2026 |
| समय | सुबह 9:30 बजे IST |
| स्थानीय समय | दोपहर 1:00 बजे |
| स्थान | सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड, तोचिगी प्रीफेक्चर, जापान |
‘Sport 75’ पहल का होगा आगाज
भारत और जापान के बीच होने वाला यह मुकाबला ‘Sport 75’ नाम की द्विपक्षीय पहल की शुरुआत करेगा। यह पहल भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची के बीच हुई शिखर बैठक के बाद सामने आई है।
‘Sport 75’ का उद्देश्य भारत और जापान के बीच खेल सहयोग को बढ़ावा देना और दोनों देशों के लोगों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान को मजबूत करना है। इसके साथ ही यह पहल भारत की 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी की दावेदारी के समर्थन की दिशा में भी अहम मानी जा रही है।
जापान क्रिकेट के लिए बड़ा मौका
जापान क्रिकेट एसोसिएशन के CEO नाओकी मियाजी ने इस मुकाबले को देश के क्रिकेट के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि मौजूदा T20 विश्व चैंपियन भारत की मेजबानी करना जापान के क्रिकेट विकास के लिए बेहद खास अवसर है।
उन्होंने BCCI के सहयोग के लिए आभार जताते हुए भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों के साथ-साथ जापान के स्थानीय खेल प्रेमियों को भी इस ऐतिहासिक मुकाबले का हिस्सा बनने और दोनों टीमों का उत्साह बढ़ाने के लिए आमंत्रित किया।