Imran Khan & Kapil Dev
दिल्ली: पाकिस्तान की जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री और 1992 विश्व कप विजेता कप्तान इमरान खान के स्वास्थ्य को लेकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट जगत के कई दिग्गज आगे आए हैं। भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर, कपिल देव और दिलीप वेंगसरकर समेत 21 पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से इमरान खान को उचित चिकित्सा सुविधा और जरूरी देखभाल उपलब्ध कराने की अपील की है।
इस पहल की शुरुआत ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान ग्रेग चैपल ने की है। यह दूसरी बार है जब पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों ने इमरान खान के मानवीय व्यवहार और बेहतर चिकित्सा सुविधा को लेकर पत्र लिखा है।
मेडिकल बोर्ड से जांच कराने की मांग
पूर्व कप्तानों ने अपने पत्र में पाकिस्तान सरकार से सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के अनुसार मेडिकल बोर्ड को इमरान खान की स्वतंत्र स्वास्थ्य जांच पूरी करने देने की मांग की है। इस बोर्ड में इमरान खान के निजी डॉक्टरों को भी शामिल करने की बात कही गई है।
ये भी पढ़ें: नाथन लियोन ने रचा इतिहास, शेन वॉर्न के साथ एलीट लिस्ट में हुए शामिल
पत्र में खास तौर पर इमरान खान की दाहिनी आंख की रोशनी कम होने की रिपोर्ट को लेकर चिंता जताई गई है। कप्तानों ने कहा कि उनकी स्वास्थ्य स्थिति का सही आकलन किया जाना जरूरी है और जांच में जिस उपचार की जरूरत सामने आए, उसे बिना देरी उपलब्ध कराया जाना चाहिए।
परिवार से साप्ताहिक मुलाकात की भी मांग
पूर्व क्रिकेट कप्तानों ने इमरान खान के परिवार को उनसे साप्ताहिक मुलाकात की अनुमति दिए जाने की भी मांग की। उनका कहना है कि सुप्रीम कोर्ट की ओर से बहाल की गई इन मुलाकातों को बिना किसी रुकावट के जारी रखा जाना चाहिए।
पत्र में कप्तानों ने स्पष्ट किया कि वे पाकिस्तान की घरेलू कानूनी प्रक्रिया पर कोई टिप्पणी नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अदालत के आदेश के तहत होने वाली मेडिकल प्रक्रिया को पूरा करना मानवीयता और शालीनता का बुनियादी मामला है।
पत्र में कहा गया, “हम पाकिस्तान की घरेलू कानूनी प्रक्रियाओं पर फैसला नहीं देना चाहते, लेकिन हमारा मानना है कि अदालत के आदेश के तहत चिकित्सा प्रक्रिया को पूरा कराना शालीनता का एक बुनियादी मामला है।”
इन दिग्गजों ने किया हस्ताक्षर
इस अपील पर सुनील गावस्कर, कपिल देव और दिलीप वेंगसरकर के अलावा एलन बॉर्डर, माइकल एथर्टन, माइकल ब्रीयरली, इयान चैपल, ग्रेग चैपल, बेलिंडा क्लार्क, एलिस्टर कुक, एडम गिलक्रिस्ट, डेविड गोवर, किम ह्यूज, नासिर हुसैन, क्लाइव लॉयड, अर्जुना रणतुंगा, एंड्रयू स्ट्रॉस, स्टीफन वॉ और जॉन राइट समेत कुल 21 पूर्व कप्तानों ने हस्ताक्षर किए हैं।
1 thought on “इमरान खान के इलाज के लिए गावस्कर-कपिल देव समेत 21 पूर्व कप्तानों ने शहबाज शरीफ से की अपील”