Medhavi Bidhuri DPL
दिल्ली: विमेंस दिल्ली प्रीमियर लीग (WDPL) 2026 के शुरुआती मुकाबले में दिल्ली की युवा लेग स्पिनर मेधावी बिधूड़ी ने अपनी गेंदबाजी के साथ-साथ अनोखे सेलिब्रेशन से भी खूब सुर्खियां बटोरी हैं। सेंट्रल दिल्ली क्वींस की ओर से खेल रहीं मेधावी ने साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स के खिलाफ मुकाबले में दो विकेट झटके। इनमें निशिका सिंह का विकेट लेने के बाद उनका किया हुआ ‘6-7’ सेलिब्रेशन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
कौन हैं मेधावी बिधूड़ी?
मेधावी बिधूड़ी दिल्ली की 20 वर्षीय दाएं हाथ की लेग स्पिनर हैं और लंबे समय से दिल्ली के घरेलू क्रिकेट सेटअप का हिस्सा रही हैं। वह इससे पहले दिल्ली प्रीमियर लीग 2025 में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स की टीम का हिस्सा थीं। 2025 के फाइनल में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट हासिल किए थे।
ये भी पढ़ें: दलीप ट्रॉफी से पहले वैभव सूर्यवंशी की खराब फॉर्म पर राहुल द्रविड़ की नजर, दी खास सलाह
क्यों वायरल हुआ ’67’ सेलिब्रेशन?
WDPL 2026 के पहले मुकाबले में निशिका सिंह को आउट करने के बाद मेधावी ने दोनों हाथों से खास अंदाज में ‘6-7’ का इशारा किया। यह सेलिब्रेशन मौजूदा समय में सोशल मीडिया पर चल रहे ‘6-7’ ट्रेंड से जुड़ा है। खास बात यह है कि मेधावी की जर्सी का नंबर भी 67 है, जिसने इस सेलिब्रेशन को और खास बना दिया।
बहन ने दिया था जर्सी नंबर 67 का आइडिया
मेधावी ने मैच के बाद बताया कि वह आमतौर पर नंबर 12 की जर्सी पहनना चाहती थीं, लेकिन यह नंबर उपलब्ध नहीं था। इसके बाद उनकी छोटी बहन ने उन्हें 67 नंबर की जर्सी चुनने और ‘6-7’ सेलिब्रेशन करने का सुझाव दिया। मेधावी की बहन Gen-Z से हैं और उन्होंने ही इस ट्रेंड से जुड़ने का आइडिया दिया था।
मैच में कैसा रहा मेधावी का प्रदर्शन?
मेधावी बिधूड़ी ने साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स के खिलाफ चार ओवर में 24 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। उन्होंने निशिका सिंह को आउट करने के अलावा भी एक विकेट अपने नाम किया। हालांकि, उनकी टीम सेंट्रल दिल्ली क्वींस को इस मुकाबले में 29 रन से हार का सामना करना पड़ा। साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 156/5 का स्कोर बनाया था।
मेधावी की गेंदबाजी के साथ उनका मजेदार ’67’ सेलिब्रेशन अब WDPL 2026 के सबसे चर्चित पलों में शामिल हो गया है। आने वाले मुकाबलों में भी फैंस की नजर इस युवा लेग स्पिनर के प्रदर्शन पर रहेगी।
1 thought on “कौन हैं मेधावी बिधूड़ी? जिनका ’67’ सेलिब्रेशन तेजी से हुआ सोशल मीडिया पर वायरल”