Nepal have announced their 15-player cricket squad
नेपाल ने एशियन गेम्स 2026 की पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। ऑलराउंडर दीपेंद्र सिंह ऐरी (Dipendra Singh Airee) को टीम की कप्तानी सौंपी गई है। उन्होंने रोहित पौडेल (Rohit Paudel) की जगह यह जिम्मेदारी संभाली है। हालांकि, रोहित को टीम में बतौर खिलाड़ी शामिल किया गया है।
यह पहली बार है जब दीपेंद्र सिंह ऐरी किसी ऐसे मल्टी-टीम टूर्नामेंट में नेपाल की कप्तानी करेंगे, जिसमें फुल मेंबर टीमें भी हिस्सा ले रही हैं। इससे पहले वह एशियन गेम्स क्वालीफायर में नेपाल की अगुआई कर चुके हैं। कप्तानी में यह बदलाव इस साल हुए टी20 विश्व कप के बाद देखने को मिला है।
ये भी पढ़ें: David Warner Nepal Premier League 2026: नेपाल प्रीमियर लीग में खेलेंगे डेविड वॉर्नर, इस टीम से जुड़े
शानदार फॉर्म के बाद कुशल मल्ल की वापसी
नेपाल की टीम में ऑलराउंडर कुशल मल्ल (Kushal Malla) की भी वापसी हुई है। अप्रैल में टीम में लौटने के बाद से मल्ल ने बल्ले और गेंद दोनों से अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने इस दौरान 130 रन बनाए, जिसमें चीन के खिलाफ नाबाद 85 रन की पारी भी शामिल है। इसके अलावा बाएं हाथ की स्पिन गेंदबाजी से उन्होंने छह विकेट भी हासिल किए हैं।
कुशल मल्ल नेपाल के उन छह बल्लेबाजों में शामिल हैं, जिन्होंने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 1000 से ज्यादा रन बनाए हैं। ऐसे में उनकी मौजूदगी टीम के बल्लेबाजी क्रम के साथ-साथ गेंदबाजी विभाग को भी मजबूती देती है।
अनुभवी खिलाड़ियों पर भी नेपाल का भरोसा
नेपाल की टीम में अनुभवी लेग स्पिनर संदीप लामिछाने (Sandeep Lamichhane) को भी जगह मिली है। उनके अलावा सलामी बल्लेबाज कुशल भुर्तेल (Kushal Bhurtel) और आसिफ शेख (Aasif Sheikh) टीम के प्रमुख बल्लेबाजी विकल्प होंगे।
तेज गेंदबाजी विभाग में करण केसी (Karan KC) और सोमपाल कामी (Sompal Kami) जैसे अनुभवी खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। वहीं स्पिन विभाग में शेर मल्ला (Sher Malla) और ललित राजबंशी (Lalit Rajbanshi) नेपाल के विकल्प मजबूत करेंगे।
ऑलराउंडर गुलशन झा (Gulsan Jha) भी टीम में शामिल हैं, जबकि बसीर अहमद (Basir Ahamad) को भी 15 सदस्यीय टीम में जगह मिली है। बसीर इससे पहले टी20 विश्व कप टीम का हिस्सा थे और हाल ही में यूएई के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज में भी खेलते नजर आए थे।
24 सितंबर से शुरू होगी क्रिकेट प्रतियोगिता
एशियन गेम्स 2026 की पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन जापान के निस्शिन (Nisshin) में किया जाएगा। क्रिकेट मुकाबले 24 सितंबर से शुरू होंगे और फाइनल 3 अक्टूबर को खेला जाएगा।
नेपाल अपने अभियान की शुरुआत 25 सितंबर को अफगानिस्तान के खिलाफ करेगा। इसके बाद 26 सितंबर को उसकी भिड़ंत मेजबान जापान से होगी। ऐसे में नेपाल की टीम के लिए शुरुआती दोनों मुकाबले काफी महत्वपूर्ण रहने वाले हैं।
नेपाल की पूरी टीम
एशियन गेम्स 2026 के लिए नेपाल की 15 सदस्यीय टीम में दीपेंद्र सिंह ऐरी (कप्तान), कुशल भुर्तेल, आसिफ शेख, रोहित पौडेल, आरिफ शेख, कुशल मल्ल, सुंदीप जोरा, लोकेश बम, संदीप लामिछाने, गुलशन झा, करण केसी, सोमपाल कामी, नंदन यादव, ललित राजबंशी और शेर मल्ला को शामिल किया गया है।