MS Dhoni's multi-crore CSK stake secret is out
चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) में एमएस धोनी (MS Dhoni) की हिस्सेदारी को लेकर चल रही अटकलों के बीच फ्रेंचाइजी की ओर से स्थिति स्पष्ट की गई है। टीम ने साफ किया है कि धोनी फ्रेंचाइजी में बहुमत हिस्सेदारी हासिल करने की कोशिश नहीं कर रहे हैं। हालांकि, वह पहले से ही चेन्नई सुपर किंग्स में एक माइनॉरिटी शेयरहोल्डर हैं।
क्रिकबज (Cricbuzz) की एक रिपोर्ट के मुताबिक, धोनी ने कुछ समय पहले ऑफ-मार्केट डील्स के जरिए CSK के एक लाख से ज्यादा अनलिस्टेड इक्विटी शेयर खरीदे थे। हालांकि शेयरों की संख्या काफी बड़ी नजर आती है, लेकिन कंपनी की कुल इक्विटी के मुकाबले धोनी की हिस्सेदारी बेहद कम है।
CSK में धोनी के पास कितनी हिस्सेदारी?
रिपोर्ट के अनुसार, एमएस धोनी की हिस्सेदारी CSK की कुल इक्विटी का लगभग 0.01 से 0.02 प्रतिशत ही है। फ्रेंचाइजी में सबसे बड़ी हिस्सेदारी श्रीनिवासन परिवार के पास बनी हुई है, जिसकी हिस्सेदारी 55 प्रतिशत से अधिक बताई जा रही है।
वहीं, पब्लिक निवेशकों के पास 30 करोड़ से ज्यादा शेयर हैं, जो कंपनी की कुल हिस्सेदारी का करीब 40 प्रतिशत हिस्सा है। IPL फ्रेंचाइजी की हालिया रिकॉर्ड वैल्यूएशन को देखते हुए धोनी के शेयरों की अनुमानित कीमत लगभग 2.6 करोड़ से 3 करोड़ रुपये के बीच बताई जा रही है।
हाल के दिनों में ऐसी खबरें सामने आई थीं कि धोनी CSK में 15 से 20 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदकर नियंत्रण हासिल करना चाहते हैं। हालांकि, फ्रेंचाइजी प्रबंधन ने इन दावों को खारिज किया है।
CSK एक अनलिस्टेड प्राइवेट कंपनी है। ऐसे में इसके शेयर स्टॉक एक्सचेंज पर आम शेयरों की तरह कारोबार नहीं करते। किसी भी शेयर ट्रांसफर के लिए कंपनी की आंतरिक प्रक्रिया और बोर्ड की मंजूरी जरूरी होती है।
CSK में धोनी का प्रभाव बरकरार
कागजों पर धोनी की हिस्सेदारी भले ही बेहद कम हो, लेकिन टीम के भीतर उनका प्रभाव अभी भी काफी बड़ा माना जाता है। एमएस धोनी लंबे समय से CSK की पहचान का अहम हिस्सा रहे हैं और टीम से जुड़े रणनीतिक फैसलों में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रहती है।
स्टीफन फ्लेमिंग (Stephen Fleming) के मुख्य कोच का पद छोड़ने के बाद नए कोच की तलाश में भी धोनी की भूमिका अहम बताई जा रही है। इसके अलावा आगामी IPL ऑक्शन से पहले खिलाड़ियों को लेकर फ्रेंचाइजी की रणनीति पर भी उनकी राय महत्वपूर्ण हो सकती है।
पिछले सीजन में चोट के कारण मैदान पर उनकी भूमिका सीमित रहने के बावजूद टीम की रणनीति और फैसलों में उनका प्रभाव देखने को मिला था। अब आगामी सीजन में यह देखना दिलचस्प होगा कि धोनी टीम के साथ किस भूमिका में नजर आते हैं और कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ (Ruturaj Gaikwad) तथा नए कोचिंग स्टाफ के साथ किस तरह काम करते हैं।
CSK के लिए भारतीय कोच चाहते हैं धोनी?
स्टीफन फ्लेमिंग के जाने के बाद CSK के नए मुख्य कोच को लेकर भी चर्चा तेज है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एमएस धोनी फ्रेंचाइजी के लिए किसी भारतीय कोच को प्राथमिकता दे रहे हैं।
इस सिलसिले में दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) के मौजूदा मुख्य कोच हेमंग बदानी (Hemang Badani) का नाम भी संभावित उम्मीदवारों में सामने आया है। हालांकि, चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से अभी तक नए मुख्य कोच के नाम को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।