IND vs BAN 2026
भारत के 2026-27 के बांग्लादेश दौरे को लेकर एक बार फिर सकारात्मक संकेत सामने आए हैं। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) को उम्मीद है कि भारतीय टीम बांग्लादेश का दौरा करेगी, जहां दोनों देशों के बीच 3 वनडे और 3 टी20 इंटरनेशनल समेत कुल 6 मुकाबले खेले जाने हैं।
कुछ समय पहले BCB अध्यक्ष तमीम इकबाल ने संकेत दिया था कि यह दौरा एक बार फिर आगे खिसक सकता है। हालांकि, सोमवार को तमीम के बयान से तस्वीर कुछ हद तक बदली है। उन्होंने बताया कि भारत और बांग्लादेश के क्रिकेट बोर्ड इस दौरे को दोबारा तय कार्यक्रम में शामिल करने को लेकर लगातार बातचीत कर रहे हैं।
तमीम इकबाल ने कहा, “मैं इतना ही बता सकता हूं कि दोनों क्रिकेट बोर्ड के बीच बातचीत चल रही है। यह बातचीत सकारात्मक रही है और मुझे उम्मीद है कि यह दौरा जरूर होगा।”
ये भी पढ़ें: मोहम्मद शमी ने रचा बड़ा इतिहास, प्रोफेशनल क्रिकेट में पूरे किए 900 विकेट
कैसे बिगड़े थे दोनों क्रिकेट बोर्ड के रिश्ते?
BCB ने इस दौरे की घोषणा 2 जनवरी को की थी। हालांकि, घोषणा के कुछ ही दिनों बाद भारत और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के बीच रिश्तों में तनाव पैदा हो गया। मामला आईपीएल में बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान से जुड़ा था, जिसके बाद दोनों बोर्ड के बीच मतभेद बढ़ गए।
उस समय बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने BCB को फरवरी में होने वाले टी20 विश्व कप से हटने का निर्देश तक दे दिया था। इससे दोनों देशों के क्रिकेट संबंधों को लेकर स्थिति काफी गंभीर हो गई थी।
नई सरकार के आने के बाद बदले हालात
बांग्लादेश में लोकतांत्रिक सरकार की वापसी के बाद भारत के दौरे को लेकर वहां का रुख सकारात्मक नजर आ रहा है। दोनों क्रिकेट बोर्ड के रिश्तों में भी धीरे-धीरे सुधार के संकेत मिले हैं।
BCB के नए अध्यक्ष बनने के बाद तमीम इकबाल का भारत दौरा भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना गया। उन्होंने इसी महीने भारत की यात्रा की थी और बेंगलुरु स्थित BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का दौरा करने की भी खबरें सामने आई थीं।
पहले अगस्त 2025 में होना था दौरा
भारत का बांग्लादेश दौरा मूल रूप से अगस्त 2025 में आयोजित होना था। बाद में इसे टालकर सितंबर 2026 के लिए प्रस्तावित किया गया। BCB ने इस साल की शुरुआत में दौरे की पुष्टि भी की थी, लेकिन दोनों बोर्ड की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है।