Vaibhav Sooryavanshi, Abhishek Sharma, Sanju Samson
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की T20I सीरीज का आगाज 13 सितंबर से होने जा रहा है। सीरीज के तीनों मुकाबले दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जाएंगे। आखिरी मैच 17 सितंबर को होगा। इस सीरीज में श्रेयस अय्यर पहली बार घरेलू मैदान पर भारतीय टीम की कप्तानी करते नजर आएंगे।
दूसरी ओर, अफगानिस्तान ने इब्राहिम जादरान की अगुवाई में मजबूत टीम उतारी है। राशिद खान की जगह जादरान को टीम की कमान सौंपी गई है। भारतीय टीम में भी चोट के बाद कई अहम खिलाड़ियों की वापसी हुई है। जसप्रीत बुमराह, वॉशिंगटन सुंदर और नितीश कुमार रेड्डी फिट होकर टीम में लौटे हैं।
मेडिकल पैनल ने तीनों खिलाड़ियों को खेलने के लिए फिट घोषित कर दिया है। इसके अलावा संजू सैमसन की भी टीम में वापसी हुई है। वह जिम्बाब्वे के खिलाफ पिछली T20I सीरीज में भारतीय टीम का हिस्सा नहीं थे।
ये भी पढ़ें: IND vs AFG 1st T20I Pitch Report: अरुण जेटली स्टेडियम की पिच कैसी होगी?
ओपनिंग जोड़ी को लेकर बढ़ा सस्पेंस
भारतीय टीम ने 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को भी टीम में बरकरार रखा है। अभिषेक शर्मा पहले से ही टीम के प्रमुख विकल्पों में शामिल हैं। ऐसे में अफगानिस्तान के खिलाफ पहले T20I में भारत की ओपनिंग जोड़ी को लेकर दिलचस्प स्थिति बन गई है।
संजू सैमसन की वापसी के बावजूद उनका प्लेइंग XI में स्थान अभी तय नहीं माना जा रहा है। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ दो T20I मुकाबले खेले थे, लेकिन इसके बाद लगातार तीन मैचों से बाहर रहे। जिम्बाब्वे दौरे पर भी उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला।
वहीं, वैभव सूर्यवंशी ने हाल के मुकाबलों में अपने प्रदर्शन से मजबूत दावेदारी पेश की है। पिछले कुछ समय में उन्होंने 6 T20I मैच खेले, जिसमें उनके बल्ले से 32.16 की औसत और 189.21 के शानदार स्ट्राइक रेट से 193 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 2अर्धशतक भी लगाए।
जिम्बाब्वे के खिलाफ पिछली T20I सीरीज में सूर्यवंशी भारत के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें Player of the Series का पुरस्कार भी मिला।
पहले T20I में सूर्यवंशी-अभिषेक कर सकते हैं ओपनिंग
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अफगानिस्तान के खिलाफ पहले T20I में भारतीय टीम की पारी की शुरुआत वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा कर सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो संजू सैमसन को फिलहाल बेंच पर बैठना पड़ सकता है और उन्हें अपने मौके का इंतजार करना होगा।
भारत के लिए यह सीरीज काफी अहम है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम को पिछले कुछ समय में मुश्किल दौर से गुजरना पड़ा है। भारत को आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि जिम्बाब्वे के खिलाफ टीम ने क्लीन स्वीप किया, लेकिन अफगानिस्तान की टीम भारत को कड़ी चुनौती दे सकती है।
चोट से वापसी करने वाले खिलाड़ियों पर नजर
इस सीरीज में जसप्रीत बुमराह, वॉशिंगटन सुंदर और नितीश कुमार रेड्डी की वापसी भी खास रहेगी। चोट के बाद तीनों खिलाड़ियों के लिए यह मुकाबले मैच फिटनेस हासिल करने के लिहाज से महत्वपूर्ण होंगे।
हालांकि हार्दिक पंड्या और हर्षित राणा इस सीरीज का हिस्सा नहीं हैं। दोनों खिलाड़ियों को शुरुआती टीम में जगह मिली थी, लेकिन चोट के कारण उन्हें बाहर होना पड़ा।