Sanath Jayasuriya
श्रीलंका के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर सनथ जयसूर्या (Sanath Jayasuriya) ने भारतीय क्रिकेट के दो अनुभवी सितारों रोहित शर्मा (Rohit Sharma) और विराट कोहली (Virat Kohli) को लेकर बड़ा बयान दिया है। जयसूर्या का मानना है कि दोनों दिग्गजों को 2027 वनडे वर्ल्ड कप (2027 ODI World Cup) में भारतीय टीम का हिस्सा होना चाहिए।
जयसूर्या ने कहा कि रोहित और विराट जैसे अनुभवी खिलाड़ियों की मौजूदगी से भारतीय टीम के युवा क्रिकेटरों को काफी कुछ सीखने को मिलेगा। उनके मुताबिक टीम में अनुभव और युवा जोश का संतुलन आगामी वर्ल्ड कप के लिए भारत के लिए फायदेमंद हो सकता है।
ये भी पढ़ें: IND vs WI: वेस्टइंडीज सीरीज में विराट कोहली बना सकते हैं कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड, देखें लिस्ट
सनथ जयसूर्या ने यह बात गुरुग्राम में आयोजित कॉरपोरेट क्रिकेट वर्ल्ड कप के लॉन्च कार्यक्रम से इतर समाचार एजेंसी ANI से बातचीत के दौरान कही।
रोहित-विराट के भविष्य पर क्यों हो रही चर्चा?
रोहित शर्मा और विराट कोहली दोनों अब केवल वनडे क्रिकेट खेल रहे हैं। दोनों खिलाड़ियों ने पिछले साल टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया था, जबकि इससे पहले 2024 T20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद दोनों ने T20I क्रिकेट से भी विदाई ले ली थी।
ऐसे में वनडे क्रिकेट में सीमित मुकाबलों की संख्या और दोनों खिलाड़ियों के केवल इसी फॉर्मेट में सक्रिय रहने के कारण 2027 वनडे वर्ल्ड कप में उनकी उपलब्धता को लेकर चर्चा लगातार बनी हुई है।
इसी मुद्दे पर जयसूर्या ने भारतीय टीम में सीनियर खिलाड़ियों की मौजूदगी को महत्वपूर्ण बताया।
“भारतीय टीम में युवा और अनुभव दोनों हैं। अनुभवी खिलाड़ियों से युवा क्रिकेटरों को बहुत कुछ सीखने को मिलता है। इसलिए टीम में सीनियर खिलाड़ियों का होना अच्छी बात है। युवा उनसे सीखेंगे और भारत के लिए भविष्य के वर्ल्ड कप को देखते हुए यह अच्छा संतुलन है।”
वर्ल्ड कप में रोहित शर्मा का शानदार रिकॉर्ड
रोहित शर्मा ने 2015 से 2023 तक तीन वनडे वर्ल्ड कप में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। 2019 वनडे वर्ल्ड कप में उनका प्रदर्शन विशेष रूप से शानदार रहा था। उन्होंने इंग्लैंड में खेले गए उस टूर्नामेंट में 9 मैचों में 648 रन बनाए थे और सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। इस दौरान उनके बल्ले से 5 शतक और 1 अर्धशतक निकला था।
वर्ल्ड कप इतिहास में रोहित के नाम 28 मैचों में 1,575 रन दर्ज हैं। उनका बल्लेबाजी औसत 60.57 रहा है। उन्होंने वर्ल्ड कप में 7 शतक और 6 अर्धशतक लगाए हैं। उनके 7 शतक इस टूर्नामेंट के इतिहास में किसी बल्लेबाज द्वारा लगाए गए सर्वाधिक शतक हैं।