Parthiv Patel
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की पुरुष सीनियर चयन समिति के चेयरमैन पद को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। पूर्व भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज पार्थिव पटेल को अजित अगरकर के संभावित उत्तराधिकारी के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, अभी तक BCCI की ओर से पार्थिव पटेल की नियुक्ति को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
टाइम्स ऑफ इंडिया (TOI) की रिपोर्ट के मुताबिक, अगर अजित अगरकर के मौजूदा कार्यकाल को आगे नहीं बढ़ाया जाता है, तो पार्थिव पटेल इस पद के लिए प्रमुख दावेदारों में शामिल हैं। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि पिछले कुछ महीनों से भारतीय क्रिकेट के गलियारों में पार्थिव के नाम पर चर्चा चल रही थी।
ये भी पढ़ें: IND vs WI 2026: भारत-वेस्टइंडीज सीरीज का पूरा शेड्यूल, मैच डिटेल्स और Team India की ODI-T20I Squad
अगरकर के भविष्य पर अभी फैसला बाकी
अजित अगरकर ने जुलाई 2023 में भारतीय पुरुष सीनियर चयन समिति के चेयरमैन का पद संभाला था। उनके कार्यकाल में भारतीय टीम ने 2024 T20 वर्ल्ड कप और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी समेत कई बड़े ICC टूर्नामेंट में सफलता हासिल की।
सितंबर 2026 में BCCI की AGM के बाद बोर्ड के पदाधिकारियों को सीनियर चयन समिति और अगरकर के भविष्य पर फैसला लेने का अधिकार दिया गया है। BCCI की ओर से अभी यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि अगरकर का कार्यकाल आगे बढ़ाया जाएगा या नए चेयरमैन की नियुक्ति की जाएगी।
कुछ हालिया रिपोर्टों में यह भी कहा गया है कि अगरकर ने अपने मौजूदा कार्यकाल के बाद पद पर बने रहने की इच्छा नहीं जताई है। हालांकि, इस मामले में BCCI की ओर से अंतिम आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
पार्थिव पटेल क्यों चर्चा में हैं?
पार्थिव पटेल भारतीय क्रिकेट के अनुभवी पूर्व खिलाड़ी हैं। उन्होंने टीम इंडिया के लिए तीनों फॉर्मेट में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेला है। उनके नाम 25 टेस्ट, 38 वनडे और 2 T20 इंटरनेशनल मैच हैं।
अगर पार्थिव को चयन समिति का चेयरमैन बनाया जाता है, तो वह मौजूदा चयन पैनल में टेस्ट मैचों के लिहाज से सबसे अनुभवी सदस्य होंगे। TOI की रिपोर्ट के अनुसार, पार्थिव ने भारत के लिए 25 टेस्ट खेले हैं, जबकि मौजूदा चयन समिति के सदस्य शिव सुंदर दास ने 23 टेस्ट खेले हैं।