Mohammed Siraj
टीम इंडिया के स्टार गेंदबाज़ मोहम्मद सिराज को 2026-27 रणजी ट्रॉफी सीजन के लिए हैदराबाद की सीनियर पुरुष टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। आगामी घरेलू सीजन में कई भारतीय अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के घरेलू क्रिकेट में लौटने की उम्मीद है, जिससे रेड-बॉल क्रिकेट की तैयारियों को मजबूती मिलेगी।
रणजी ट्रॉफी में लय हासिल करना चाहेंगे सिराज
भारतीय तेज गेंदबाज के लिए रणजी ट्रॉफी में खेलना लय हासिल करने का अहम मौका होगा। सिराज ने हाल ही में बताया था कि करीब दो महीने के ब्रेक की वजह से उनकी रिदम प्रभावित हुई थी। ऐसे में घरेलू क्रिकेट में लगातार मुकाबले खेलकर वह अपनी मैच फिटनेस और गेंदबाजी की धार को बेहतर करना चाहेंगे।
ये भी पढ़ें: IND W vs SL W Final: जानें कब और कहां देखें भारत-श्रीलंका एशिया कप फाइनल LIVE मैच
चामा मिलिंद बने उप-कप्तान
हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन की सीनियर चयन समिति ने शुक्रवार को हुई बैठक के बाद सिराज को कप्तानी सौंपने का फैसला किया। वहीं, बाएं हाथ के तेज गेंदबाज चामा मिलिंद को टीम का उप-कप्तान बनाया गया है। राष्ट्रीय टीम के साथ सिराज की व्यस्तता होने पर मिलिंद टीम की कप्तानी संभालेंगे।
दलीप ट्रॉफी में भी खेल चुके हैं सिराज
हैदराबाद क्रिकेट से ही अपनी पहचान बनाने वाले सिराज भारतीय टेस्ट टीम का नियमित हिस्सा रहे हैं। हाल ही में उन्होंने दलीप ट्रॉफी में साउथ जोन का प्रतिनिधित्व भी किया था। हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन ने सिराज और मिलिंद की नेतृत्व जोड़ी पर भरोसा जताते हुए आगामी घरेलू अभियान के लिए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
टेस्ट क्रिकेट की तैयारी में रणजी का अहम रोल
रणजी ट्रॉफी भारत की प्रमुख प्रथम श्रेणी प्रतियोगिता है और आगामी सीजन सिराज के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। घरेलू क्रिकेट में लंबे स्पेल और लगातार मैच खेलने से उन्हें अपनी गेंदबाजी की लय वापस पाने में मदद मिल सकती है। साथ ही, आने वाली टेस्ट सीरीज को देखते हुए रणजी ट्रॉफी में उनकी तैयारी और प्रदर्शन उनके लिए अहम होगा।
2 thoughts on “मोहम्मद सिराज को मिली बड़ी जिम्मेदारी, इस टीम के बने कप्तान”