Sanju Samson and Suryakumar Yadav
संजू सैमसन के लिए टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सफर किसी उतार-चढ़ाव से कम नहीं रहा। टूर्नामेंट शुरू होने से ठीक पहले खराब फॉर्म के कारण उन्हें भारतीय प्लेइंग इलेवन से बाहर कर दिया गया था। हालांकि, बाद में सैमसन ने टीम में वापसी की और शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई। उनकी बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ भी चुना गया।
अब भारत के टी20 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान रहे सूर्यकुमार यादव ने खुलासा किया है कि सैमसन को टीम से बाहर किए जाने की जानकारी देना उनके लिए बेहद मुश्किल फैसला था। पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा के साथ बातचीत में सूर्यकुमार ने सैमसन की प्रतिक्रिया के बारे में भी बताया, जिसने उन्हें काफी प्रभावित किया।
न्यूजीलैंड सीरीज में खराब फॉर्म पड़ा भारी
टी20 वर्ल्ड कप से पहले भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली थी। इस सीरीज में सैमसन बल्ले से उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए। लगातार खराब फॉर्म के चलते टीम मैनेजमेंट ने उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर कर ईशान किशन को मौका दिया।
ये भी पढ़ें: सूर्यकुमार यादव ने वनडे करियर को लेकर किया बड़ा खुलासा, मानी अपनी गलती
सूर्यकुमार यादव ने बताया कि उन्होंने बस में सैमसन से इस फैसले को लेकर बातचीत की थी। उन्होंने कहा, “हम बस में थे और मैंने संजू से कहा कि जिस तरह चीजें चल रही हैं, उसे देखते हुए आगे का फैसला आसान नहीं होगा। तब उसने मुझसे सिर्फ एक बात कही- वर्ल्ड कप जीतने के लिए टीम के हित में जो भी आपको सही लगे, वही फैसला कीजिए।”
सैमसन की बात से हैरान हुए सूर्यकुमार
सूर्यकुमार के मुताबिक, सैमसन ने टीम से बाहर होने के बावजूद सकारात्मक रवैया बनाए रखा। विकेटकीपर बल्लेबाज ने कप्तान को भरोसा दिलाया कि वह टीम के साथ रहकर अपनी तैयारी जारी रखेंगे।
सूर्यकुमार ने कहा, “उसने कहा कि जब भी आपको मेरी जरूरत होगी, मैं मौजूद रहूंगा और मैं ऐसे तैयारी करूंगा जैसे मुझे अगला मैच खेलना है। उसकी यह बात सुनकर मेरा आत्मविश्वास भी बढ़ा। जिंदगी में ऐसे लोग भी होते हैं।”
सूर्यकुमार ने पहले भी सैमसन का बढ़ाया था हौसला
सूर्यकुमार ने यह भी बताया कि उन्होंने इससे पहले भी सैमसन को मुश्किल दौर से बाहर निकलने के लिए भरोसा दिया था। साल 2024 में श्रीलंका दौरे पर सैमसन का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। इसके बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच इसको लेकर बातचीत हुई थी।
सूर्यकुमार ने बताया, “यह मेरे लिए सबसे मुश्किल फैसलों में से एक था, क्योंकि मैं जानता था कि संजू एक अच्छे इंसान हैं। 2024 में जब हम श्रीलंका गए थे, तब वह ज्यादा रन नहीं बना पाए थे। इसके बाद उन्होंने मुझसे पूछा था कि उन्हें क्या करना चाहिए। उस समय हम अनंतपुर में दलीप ट्रॉफी खेल रहे थे।”
उन्होंने आगे कहा, “मैंने उससे कहा था कि मुझे उस पर पूरा भरोसा है और कोच को भी उस पर विश्वास है। मैंने उसे भरोसा दिया था कि वह अगले सात मैच खेलेगा। मैंने यहां तक कहा था कि अगर वह लगातार सात बार शून्य पर आउट हो जाए, तब भी उसे आठवें मैच में खेलने का मौका मिलेगा।”
सुपर-8 में वापसी के बाद सैमसन ने मचाया धमाल
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण में संजू सैमसन की भारतीय प्लेइंग इलेवन में वापसी हुई। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत के लिए बेहद अहम मुकाबले में सैमसन ने नाबाद 97 रन की शानदार पारी खेली।
इसके बाद सेमीफाइनल और फाइनल जैसे बड़े मुकाबलों में भी उन्होंने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा और दोनों मैचों में 89 रन की पारी खेली। उनके लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन ने भारत की टी20 वर्ल्ड कप जीत में बड़ी भूमिका निभाई और उन्हें टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी भी चुना गया।