BCCI
दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) जूनियर क्रिकेट व्यवस्था में बदलाव करने की तैयारी कर रहा है। बोर्ड ने जूनियर क्रिकेट कमेटी के पांच सदस्यों की नियुक्ति के लिए आवेदन मांगे हैं। यह कमेटी अंडर-22 तक की भारतीय टीमों के चयन से लेकर युवा खिलाड़ियों की पहचान और टीमों के लिए कोचिंग स्टाफ चुनने जैसे कई अहम काम संभालेगी।
इन पदों के लिए आवेदन करने की अंतिम तारीख 5 सितंबर 2026 तय की गई है। उम्मीदवार शाम 5 बजे तक अपना आवेदन जमा कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद BCCI सभी आवेदनों की जांच करेगा। शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा और इसके बाद पांच सदस्यों वाली नई कमेटी का गठन किया जाएगा।
आवेदन के लिए क्या है योग्यता?
BCCI ने जूनियर क्रिकेट कमेटी के सदस्यों के लिए कुछ जरूरी शर्तें भी तय की हैं। आवेदन करने वाला व्यक्ति पूर्व क्रिकेटर होना चाहिए और उसके पास कम से कम 25 फर्स्ट क्लास मैच खेलने का अनुभव होना जरूरी है।
ये भी पढ़ें: ध्रुव जुरैल ने क्यों दिखाया ‘जय जवान, जय किसान’ टैटू? जानिए शतक के खास सेलिब्रेशन की पूरी कहानी
इसके अलावा उम्मीदवार को क्रिकेट से संन्यास लिए कम से कम 5 साल पूरे हो चुके होने चाहिए। BCCI के नियमों के मुताबिक, जो व्यक्ति पहले ही किसी क्रिकेट कमेटी में कुल पांच साल तक सदस्य रह चुका है, वह इस पद के लिए आवेदन नहीं कर सकता।
खिलाड़ियों के चयन की होगी बड़ी जिम्मेदारी
नई जूनियर क्रिकेट कमेटी का सबसे अहम काम अलग-अलग आयु वर्ग में अंडर-22 तक की भारतीय टीमों का चयन करना होगा। कमेटी के सदस्य घरेलू और अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नजर रखेंगे और उनमें से भविष्य की प्रतिभाओं को तलाशेंगे।
कोचिंग कैंप, घरेलू प्रतियोगिताओं और विदेशी दौरों के लिए भी खिलाड़ियों का चयन कमेटी करेगी। इसका मुख्य लक्ष्य भारतीय क्रिकेट के लिए मजबूत बेंच स्ट्रेंथ तैयार करना होगा। इसके अलावा अलग-अलग फॉर्मेट में जूनियर टीमों के कप्तान का चयन भी कमेटी की जिम्मेदारी होगी।
कोच और सपोर्ट स्टाफ पर भी रहेगा ध्यान
कमेटी का काम सिर्फ खिलाड़ियों के चयन तक सीमित नहीं रहेगा। टीमों के लिए कोच और सपोर्ट स्टाफ चुनने की प्रक्रिया में भी इसकी अहम भूमिका होगी। इसमें फिजियो, ट्रेनर, थेरेपिस्ट, एनालिस्ट और मेडिकल स्टाफ जैसे पद शामिल हैं। कमेटी इन पदों के उम्मीदवारों की योग्यता और उपयुक्तता की समीक्षा करेगी।
खिलाड़ियों के प्रदर्शन की होगी लगातार निगरानी
नई कमेटी जूनियर टीमों के प्रदर्शन और खिलाड़ियों की प्रगति पर भी नजर रखेगी। समय-समय पर खिलाड़ियों और टीमों के प्रदर्शन का आकलन किया जाएगा और इसकी रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
इसके अलावा BCCI के जूनियर टूर्नामेंट और विदेशी दौरों से जुड़े आयोजन और प्रशासनिक कामकाज की जिम्मेदारी भी कमेटी के पास होगी।
मैदान के बाहर भी खिलाड़ियों को करेगी जागरूक
जूनियर खिलाड़ियों को सिर्फ क्रिकेट के लिए तैयार करना ही कमेटी का लक्ष्य नहीं होगा। उन्हें मैदान के बाहर आने वाली चुनौतियों के लिए भी तैयार किया जाएगा।
सीनियर और पूर्व क्रिकेटरों के साथ बातचीत के जरिए युवा खिलाड़ियों को ड्रग्स, सट्टेबाजी और मैच फिक्सिंग जैसे गंभीर खतरों के बारे में जागरूक किया जाएगा। इसका उद्देश्य खिलाड़ियों में छोटी उम्र से ही अनुशासन और खेल के प्रति सही सोच विकसित करना है।