Nathan Lyon Test
दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी ऑफ स्पिनर नाथन लियोन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने 23 अगस्त को बांग्लादेश के खिलाफ मैके टेस्ट में 600 अंतरराष्ट्रीय विकेट पूरे किए। इसके साथ ही वह 600 या उससे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय विकेट लेने वाले ऑस्ट्रेलिया के सिर्फ पांचवें गेंदबाज बन गए हैं।
25 रन देकर झटके 3 विकेट
लियोन को पहली पारी में ज्यादा गेंदबाजी करने का मौका नहीं मिला था। हालांकि, बांग्लादेश की दूसरी पारी में उन्होंने इस मौके का पूरा फायदा उठाया। उन्होंने 11.3 ओवर में सिर्फ 25 रन देकर तीन महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। इसके साथ ही उनके अंतरराष्ट्रीय विकेटों की संख्या 601 हो गई।
ये भी पढ़ें: ऋषभ पंत की चोट पर आया बड़ा अपडेट, जानिए क्या बोले बल्लेबाजी कोच
दिग्गजों के खास क्लब में शामिल
600 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय विकेट लेने वाले ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों की सूची में अब नाथन लियोन भी शामिल हो गए हैं। उनसे पहले शेन वॉर्न, ग्लेन मैक्ग्रा, मिचेल स्टार्क और ब्रेट ली यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।
| गेंदबाज | मैच | विकेट |
|---|---|---|
| शेन वॉर्न | 339 | 1001 |
| ग्लेन मैक्ग्रा | 376 | 949 |
| मिचेल स्टार्क | 302 | 771 |
| ब्रेट ली | 322 | 718 |
| नाथन लियोन | 174 | 601 |
लियोन ऑस्ट्रेलिया के लिए 600 अंतरराष्ट्रीय विकेट पूरे करने वाले दूसरे स्पिनर हैं। उनसे पहले महान लेग स्पिनर शेन वॉर्न ने यह कारनामा किया था।
टेस्ट क्रिकेट में शानदार रिकॉर्ड
टेस्ट क्रिकेट में नाथन लियोन ऑस्ट्रेलिया के सबसे सफल गेंदबाजों में शामिल हैं। उन्होंने 143 टेस्ट मैचों में 571 विकेट लिए हैं। इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 30.20 रहा है।
ऑस्ट्रेलिया के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में लियोन दूसरे स्थान पर हैं। उनसे आगे सिर्फ शेन वॉर्न हैं, जिन्होंने अपने टेस्ट करियर में 708 विकेट हासिल किए थे।
सीमित ओवरों में नहीं मिली ज्यादा सफलता
टेस्ट क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने के बावजूद लियोन सीमित ओवरों के प्रारूप में ऑस्ट्रेलिया की टीम के नियमित सदस्य नहीं बन सके। उन्होंने 29 वनडे अंतरराष्ट्रीय मैचों में 29 विकेट लिए हैं। वहीं, टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए सिर्फ दो मैच खेले हैं और एक विकेट हासिल किया है।
2 thoughts on “नाथन लियोन ने रचा इतिहास, शेन वॉर्न के साथ एलीट लिस्ट में हुए शामिल”