Rohit Sharma On CWC 2027
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2027 (ICC Cricket World Cup 2027) को लेकर अपने विचार साझा किए हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज से पहले रोहित शर्मा ने JioStar से बातचीत के दौरान रोहित ने कहा कि जब तक कोई खिलाड़ी क्रिकेट खेल रहा है, तब तक उसके सामने कुछ न कुछ हासिल करने और आगे देखने के लिए जरूर होता है।
रोहित का यह बयान ऐसे समय आया है जब 2027 वनडे विश्व कप में उनकी भागीदारी को लेकर लगातार चर्चा होती रही है। अब रोहित ने साफ तौर पर विश्व कप की चुनौती और उसके लिए अलग तरह की तैयारी की बात कही है।
ये भी पढ़ें: ENG vs SL: लंदन के द केनिंग्टन ओवल की पिच रिपोर्ट, जानें मौसम, LIVE स्ट्रीमिंग और Playing 11 की पूरी जानकारी
रोहित शर्मा ने 2027 वर्ल्ड कप को लेकर क्या कहा?
JioStar से बातचीत में रोहित शर्मा ने कहा कि उनके दिमाग में यह विचार कभी नहीं आएगा कि उनका पिछला काम या सफर खत्म हो चुका है। उन्होंने कहा कि जब तक वह खेल रहे हैं, तब तक उनके पास आगे देखने के लिए कुछ न कुछ जरूर है और फिलहाल उनकी नजर विश्व कप पर है।
रोहित का बयान:
“मेरे दिमाग में यह विचार कभी नहीं आएगा कि मैंने जो करना था, वह खत्म हो गया है। जब तक आप खेल रहे हैं, तब तक हमेशा कुछ न कुछ ऐसा होता है, जिसका आप इंतजार कर सकते हैं। मैं विश्व कप को लेकर उत्साहित हूं और यह देख रहा हूं कि मेरे लिए आगे क्या है। जब विश्व कप खेला जाता है, जब हम कोई आईसीसी टूर्नामेंट खेलते हैं, तो उसकी अपनी एक अलग चुनौती होती है, क्योंकि आपका सामना अलग-अलग टीमों से होता है और आप अलग-अलग मैदानों पर खेलते हैं। इसलिए आपको अलग तरह से तैयारी करनी पड़ती है और अलग तरीके से सोचना पड़ता है। यही चुनौती है।”
पहले भी 2027 वर्ल्ड कप पर बोल चुके हैं रोहित
रोहित शर्मा ने सितंबर 2026 में भी 2027 वनडे विश्व कप में खेलने को लेकर सवाल का जवाब दिया था। मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट के दौरान जब उनसे विश्व कप में उनकी भागीदारी के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा था, “अक्टूबर 2027 अभी बहुत दूर है, हम तब देखेंगे।”
रोहित अब सिर्फ वनडे क्रिकेट खेल रहे हैं
रोहित शर्मा पिछले दो वर्षों में टेस्ट और T20I क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और फिलहाल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर केवल वनडे क्रिकेट खेल रहे हैं। ऐसे में 2027 वनडे विश्व कप उनके अंतरराष्ट्रीय करियर के अगले बड़े लक्ष्य के रूप में देखा जा रहा है।
2026 में इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे वनडे में रोहित ने 138 रन की शानदार पारी खेली थी। इसके बाद उनके अंतरराष्ट्रीय भविष्य को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने भी सितंबर में उनकी फॉर्म पर भरोसा जताया था।