Virat Kohli & Rohit Sharma
भारतीय क्रिकेट टीम ने ODI World Cup 2027 की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) दक्षिण अफ्रीका में छह मैचों की वनडे सीरीज आयोजित करने को लेकर Cricket South Africa (CSA) के संपर्क में है। इस सीरीज का उद्देश्य भारतीय टीम को विश्व कप से पहले दक्षिण अफ्रीकी परिस्थितियों में ज्यादा से ज्यादा मैच खेलने का मौका देना है।
एक रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय टीम मैनेजमेंट ने BCCI से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज आयोजित करने का अनुरोध किया है। टीम मैनेजमेंट का मानना है कि 2027 के वनडे विश्व कप से पहले दक्षिण अफ्रीका की परिस्थितियों में खेलना टीम के लिए बेहद फायदेमंद साबित हो सकता है।
ODI World Cup 2027 की मेजबानी दक्षिण अफ्रीका के साथ जिम्बाब्वे और नामीबिया मिलकर करेंगे। ऐसे में विश्व कप से पहले दक्षिण अफ्रीका में छह वनडे मैच खेलना भारतीय खिलाड़ियों को वहां की पिच, मौसम और परिस्थितियों को समझने में मदद कर सकता है।
IPL 2027 के बाद भारत के पास खाली है ODI विंडो
भारत के 2027 के Future Tour Programme (FTP) में IPL 2027 के बाद का कार्यक्रम अभी पूरी तरह तय नहीं हुआ है। ऐसे में BCCI के लिए दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ इस संभावित वनडे सीरीज को शेड्यूल करना अपेक्षाकृत आसान हो सकता है।
भारत ने आखिरी बार दक्षिण अफ्रीका की जमीन पर दिसंबर 2023 में वनडे सीरीज खेली थी। अब लगभग चार साल बाद एक बार फिर वहां वनडे क्रिकेट खेलने का मौका टीम इंडिया को विश्व कप की तैयारी के लिहाज से महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।
सितंबर 2026 से जनवरी 2027 तक भारत कितने ODI खेलेगा?
ODI World Cup 2027 की तैयारी के तहत भारतीय टीम के पास सितंबर 2026 से जनवरी 2027 के बीच कई वनडे मुकाबले हैं।
भारत सितंबर में वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की ODI सीरीज से अपनी तैयारी शुरू करेगा। हालांकि, इस सीरीज में भारत के कुछ प्रमुख वनडे खिलाड़ी उपलब्ध नहीं रह सकते हैं, क्योंकि वे जापान में होने वाले Asian Games 2026 में हिस्सा लेंगे।
इसके बाद भारतीय टीम न्यूजीलैंड का दौरा करेगी, जहां उसे पांच वनडे मैच खेलने हैं। दिसंबर में भारत की मेजबानी में श्रीलंका के खिलाफ तीन वनडे मुकाबले होंगे। इसके बाद जनवरी 2027 में जिम्बाब्वे के खिलाफ भी भारत तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलेगा।
इसके बाद भारतीय टीम का फोकस Border-Gavaskar Trophy पर होगा। टेस्ट सीरीज के बाद IPL 2027 का आयोजन होगा और उसके बाद फिलहाल भारत के कार्यक्रम में कोई वनडे सीरीज तय नहीं है।
IPL 2027 के बाद कितना समय होगा?
ODI World Cup 2027 की शुरुआत 4 अक्टूबर 2027 से होनी है। अगर IPL 2027 मई के मध्य तक समाप्त हो जाता है, तो भारतीय टीम के पास विश्व कप की शुरुआत से पहले करीब चार महीने का समय रहेगा।
हालांकि, इस दौरान भारत अगर WTC 2025-27 के फाइनल के लिए क्वालीफाई करता है तो जून में उसे टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेलना होगा। WTC 2025-27 का फाइनल 13 जून से लंदन में प्रस्तावित है।
इसके बावजूद भारत के पास विश्व कप से पहले तीन महीने से अधिक का समय बच सकता है। ऐसे में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ प्रस्तावित छह मैचों की ODI सीरीज भारतीय टीम के लिए विश्व कप की परिस्थितियों में खुद को तैयार करने का शानदार मौका हो सकती है।