दिल्ली: भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के पहले दिन टीम इंडिया को उस समय बड़ा झटका लगा, जब विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत चोटिल होकर मैदान से बाहर चले गए। श्रीलंका के तेज गेंदबाज लाहिरू कुमारा की शॉर्ट गेंद पंत की बाईं कलाई पर लगी।
58वें ओवर में लगी चोट
यह घटना दिन के आखिरी सत्र में भारतीय पारी के दौरान हुई। कुमारा ने 58वें ओवर की पहली गेंद शॉर्ट डाली, जो तेजी से पंत के शरीर की ओर आई। पंत ने गेंद को लेग साइड में खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके बल्ले से पहले ही उनकी बाईं कलाई पर जा लगी।
ये भी पढ़ें: लगातार तीन IPL खिताब जीतने वाले खिलाड़ी ने 39 की उम्र में क्रिकेट को कहा अलविदा
गेंद लगते ही पंत दर्द में नजर आए और मैदान पर बैठ गए। खेल रोककर भारतीय टीम के फिजियो कमलेश जैन तुरंत मैदान पर पहुंचे। उन्होंने पंत की कलाई की जांच की और सूजन कम करने के लिए आइस पैक लगाया। कुछ देर बाद उनकी कलाई पर टेप भी लगाया गया, लेकिन दर्द में पर्याप्त राहत नहीं मिलने के बाद पंत को मैदान छोड़ना पड़ा।
15 गेंदों में बनाए 3 रन
रिटायर्ड हर्ट होने से पहले पंत ने 15 गेंदों पर 3 रन बनाए। उनके मैदान से बाहर जाने के बाद भारतीय टीम की चिंता बढ़ गई थी, क्योंकि वह टीम के प्रमुख विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं।
बल्लेबाजी कोच ने दिया बयान
हालांकि, दिन का खेल खत्म होने के बाद बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने पंत की फिटनेस पर राहत की खबर दी। उन्होंने कहा, “अगर कल ऋषभ पंत की बल्लेबाजी करने की बारी आती है तो, वह उसके लिए पूरी तरह ठीक रहेंगे”
कोटक के बयान के मुताबिक पंत दूसरे दिन जरूरत पड़ने पर बल्लेबाजी के लिए उपलब्ध रहेंगे। उनकी चोट गंभीर नहीं बताई जा रही है। हालांकि, उनकी अंतिम स्थिति मैदान पर लौटने के बाद ही स्पष्ट होगी।
पहला दिन रहा शानदार
देवदत्त पडिक्कल के लगातार दूसरे टेस्ट शतक की मदद से भारत ने श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट के पहले दिन 85 ओवर में 5 विकेट पर 300 रन बनाए। पडिक्कल ने 193 गेंदों में 117 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 12 चौके शामिल रहे। वहीं, कप्तान शुभमन गिल ने 108 गेंदों पर 50 रन बनाकर अर्धशतक जड़ा।
1 thought on “IND vs SL 2nd Test: ऋषभ पंत की चोट पर आया बड़ा अपडेट, जानिए क्या बोले बल्लेबाजी कोच”